महेवागंज/सुंदरवल। प्राथमिक विद्यालय के पास खेत के किनारे लगाए गए कंटीले तार में उतरे करंट की चपेट में आकर रैनी निवासी 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। स्कूल के पास खेलते समय वह हादसे का शिकार हो गया। परिजनों ने खेत मालिक पर आरोप लगाए हैं।
कोतवाली सदर के रैनी गांव निवासी सूरज कुमार का 10 वर्षीय पुत्र मंजीत कुमार गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था। शुक्रवार को वह स्कूल गया था। छुट्टी के बाद घर पहुंचा। परिजनों ने बताया कि खाना खाकर करीब 2.30 बजे वह अन्य बच्चों के साथ स्कूल के पास मैदान में खेलने पहुंच गया। खेलते समय पास के खेत में लगे कंटीले तारों की बाड़ में उसका हाथ लग गया।
बताया जा रहा है कि कंटीले तारों में करंट उतरा था। मंजीत तार से चिपक कर छटपटाने लगा। साथी बच्चे डर गए और शोर मचाकर उसके घर की ओर भागे। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से घर में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी चंद्र शेखर ने बताया कि मामले में खेत मालिक पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
मासूम की मौत से गम और गुस्से में लोग
कंटीले तार में उतरे करंट की चपेट में आकर मासूम की मौत से ग्रामीणों की आंखें नम हैं। लापरवाह लोगों के खिलाफ गुस्सा भी है। मृतक के चाचा राजेश कुमार उर्फ़ महेश ने बताया कि जरा सा भी अहसास होता तो बच्चे को वहां न जाने देता। गनीमत रही अन्य बच्चे हादसे का शिकार होने से बच गए। मंजीत के पिता पेशे से मजदूर है। उनके पास मात्र तीन बीघा जमीन है। शुक्रवार को भी वह सुबह रोजी-रोटी के लिए लखीमपुर गए थे। 2.30 बजे उनको बेटे की मौत की खबर मिली। मंजीत छह भाई-बहनों में तीसरे नंबर का था।