लखीमपुर खीरी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज मैैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। रैली के दौरान खीरी रोड पर लोगों की आवाजाही होगी और रोडवेज बसें जाम का कारण बनेंगी। इस समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने चार घंटे तक बसों का संचालन एलआरपी चौराहे से कराने का निर्णय लिया है।
निकाय चुनाव को लेकर मुख्यमंत्री शुक्रवार को जनसभा करेंगे। सूचना आते ही जिला प्रशासन तैयारियां में जुट गया है। हालांकि रैली को लेकर रोडवेज अधिकारियों समेत प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। इसकी वजह रैली और रोडवेज बस अड्डे का रास्ता एक होना है। बसों का आवागमन जारी रहने से अधिकारियों को जाम का डर सताने लगा है। इसलिए रोडवेज बसों का संचालन चार घंटे के लिए एलआरपी एवं राजापुर चौराहे से होगा। टीएसआई ने बुधवार को एआरएम से मुलाकात कर समस्या के निराकरण को लेकर वार्ता की। इस पर एआरएम ने बसों का संचालन राजापुर एवं एलआरपी से कराने का निर्णय लिया है।
गोला, बरेली, सीतापुर जाने वाले एलआरपी पहुंचें
एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री की जनसभा जीआईसी में दोपहर एक बजे प्रस्तावित है। ऐसे में शुक्रवार की सुबह दस बजे से लेकर दोपहर ढाई बजे तक राजापुर से बस अड्डे तक बस संचालन बंद रहेगा। एआरएम ने बताया कि ऐरा, धौरहरा, रूपैइडिहा, लगुचा, लहरपुर मार्ग की बसें राजापुर से चलेंगी। गोला, शाहजहांपुर, बरेली, सीतापुर व लखनऊ मार्ग की बसों का संचालन एलआरपी चौराहा से होगा।