संपूर्णानगर। थाना क्षेत्र के एक युवक से रिश्तेदार बनकर साइबर ठग ने एक लाख रुपये की ठगी कर ली। काॅल करने वाले ने युवक को रिश्तेदार बताते हुए बीमारी का हवाला देते हुए रुपयों की मांग की, जिसके बाद युवक ने मानवता के नाते बिना पूछताछ के लिए रुपये भेज दिए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत की है।
मुरारखेड़ा निवासी गुरवचन सिंह ने बताया कि उन्हें एक नंबर से काॅल आई। कॉलर ने रिश्तेदार होने की बात कहते हुए बीमार होने की बात कही और एक लाख रुपये की मदद मांगी। उन्होंने बिना सोचे समझे युवक के खाते में एक लाख रुपये भेज दिए। भेजने के बाद पता चला कि एक लाख रुपये किसी रिश्तेदार को नहीं गए। ठग ने रुपये ठगे हैं।
शिकायत संपूर्णानगर स्थित एचडीएफसी बैंक में की। सूचना पर खाता फ्रीज करा दिया, लेकिन उनके रुपये वापस नहीं आए। इस बारे में थाना प्रभारी निराला तिवारी ने बताया कि अब तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। फिर भी किसी अंजान नंबर से काॅल व मेसेज आए तो बैंक से संपर्क करने और पुष्टि करने के बाद ही ट्रांजक्शन करें ताकि ऑनलाइन ठगी से बच सकें।
बलविंदर ठग का शिकार होने से बच गए
जिस समय पीड़ित गुरवचन शिकायत लेकर बैंक पहुंचे थे, उस समय बैंक में घोड़ा फार्म निवासी बलविंदर सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने बताया कि उनके पास भी रिश्तेदारी से काॅल आई और एक पर्ची भेजकर 6 लाख 30 हजार रुपए भेजने की बात कही। उसमें से तीन लाख 25 हजार भेजने के लिए वह बैंक आए हैं, लेकिन गुरवचन सिंह की शिकायत सुनने के बाद बलविंदर सिंह सक्रिय हो गए और फ्राड के बारे में उनको भी जानकारी हुई।