बारिश से बचने के लिए सर पर ड्रम रखकर जाते बाइक सवार। संवाद
लखीमपुर खीरी। जिले में शनिवार सुबह उमस भरी गर्मी से लोग परेशान दिखे, लेकिन अपराह्न तीन बजे के बाद मौसम बदला और बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक बारिश से मौसम काफी खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार, लखीमपुर सहित पड़ोसी जनपदों में अच्छी बारिश के आसार हैं। रविवार और सोमवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
जनपद में शनिवार को अपराह्न तीन बजे बारिश शुरू हो गई, जो करीब साढ़े चार बजे तक होती रही है। मौसम विज्ञान लखनऊ ने बताया कि शनिवार को लखीमपुर में 11 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जबकि अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 29 डिग्री दर्ज किया गया है। यह शुक्रवार के अधिकतम तापमान से तीन डिग्री बढ़ा है और न्यूनतम तीन डिग्री घटा है। रिपोर्ट जारी कर मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भारी बारिश के आसार जताए हैं। सोमवार को ज्यादा बारिश होगी।
बारिश से किसान खुश
अमीरनगर। बारिश होने से किसानों की फसलों को फायदा पहुंचा है। किसान सुमान खां, लखबीर सिंह, मनोज कुमार सिंह, अख्तर खां, भारत सिंह, राज्यपाल सिंह, बलजीत सिंह मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बारिश का काफी समय से इंतजार था। तेज बारिश हो जाने से फसलों में खाद के छिड़काव के साथ धान की रोपाई का काम शुरू हो जाएगा। बारिश के बाद देवरिया गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव हो जाने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतें उठानी पड़ती है।