लखीमपुर खीरी। सीतापुर रोड की मुडियाखेड़ा गो-आश्रय स्थल में मृत गोवंशों का सही तरीके से अंतिम संस्कार न करने, बेसहारा पशुओं की देखभाल में हीलाहवाली पर प्रधान समेत तीन लोगों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। नायब तहसीलदार की जांच में भी गो-आश्रय स्थल पर कमियां मिली थीं।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी देव जुनेजा ने सदर कोतवाली में दर्ज कराए मुकदमे में बताया 17 जनवरी को कुछ कार्यकर्ताओं ने सूचना दी कि मुडियाखेड़ा गोशाला में गोवंशों की स्थिति बहुत खराब है। जीवित गोवंशों को कौवे नोच रहे हैं। मृत गोवंशों का अंतिम संस्कार ठीक से नहीं किया जा रहा। उनके शव को कुत्ते नोच रहे हैं। सूचना पर वह गोशाला गए और हालत देखकर सदर एसडीएम को सूचना दी।
जांच के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार को भी कमियां मिलीं। पुलिस ने प्रधान संतोष वर्मा व दो अज्ञात कर्मचारियों पर पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज किया है।