लखीमपुर खीरी। न्यायालय सिविल जज सीनियर डिवीजन के आदेश से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नकहा के शाखा के प्रबंधक व एक अन्य के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। खीरी थाने में दर्ज कराए गए मुकदमे में सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली के गांव भट्ठापुरवा निवासी दीनदयाल ने बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की नकहा शाखा में है।
आरोप है कि मार्च में वह नकहा में एसबीआई के एटीएम से रुपये निकाल रहे थे, तभी पीछे खड़े युवक ने उनका कार्ड बदल लिया और रुपेशकांत पांडेय नाम लिखा एटीएम कार्ड छोड़कर भाग गया। बाद में 17 मार्च को उनके खाते से 1.06 लाख रुपये निकाल लिए गए। आरोपी का चेहरा एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में आया होगा। कई बार अनुरोध करने पर भी बैंक शाखा प्रबंधक ने फुटेज नहीं दिखाई। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी। सुनवाई न हुई तो न्यायालय में अर्जी दी। खीरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी रुपेश कांत पांडेय व बैंक शाखा प्रबंधक पर धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।