फरधान। कोढैया में गल्ला व्यापारी के घर से सरकारी राशन बरामद होने के मामले में पूर्ति निरीक्षक ने गल्ला व्यापारी व एक अन्य पर राशन कालाबाजारी का केस दर्ज कराया है।
शुक्रवार की रात फरधान की लीलाकुआं चौकी पुलिस ने एक पिकअप में 12 बोरी सरकारी राशन पकड़ा था। पूछताछ में चालक ने राशन कोढैया निवासी गल्ला व्यापारी राहुल गुप्ता के घर से लाने की बात कही। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम कोढैया में गल्ला व्यापारी राहुल गुप्ता के घर पहुंची। व्यापारी के घर से 114 बोरी राशन बरामद हुआ।
इस तरह से पुलिस ने 126 बोरी राशन बरामद किया। व्यापारी के घर से राशन की खाली बोरियां भी मिली थीं। गल्ला व्यापारी के घर से राशन बरामद होने के मामले में पूर्ति निरीक्षक सुशील कुमार ने गल्ला व्यापारी राहुल गुप्ता व एक अज्ञात पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1995 धारा तीन-सात के तहत केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सैनी ने बताया कि विवेचना देवकली पुलिस पिकेट इंचार्ज राजेश यादव करेंगे।