तिकुनिया/ लखीमपुर खीरी। तिकुनिया के छात्रा हत्याकांड में खुद की गर्दन बचाने में जुटी थाना पुलिस ने आरोपी सद्दाम पर हत्या की कोशिश का केस भी दर्ज किया है। तिकुनिया थाना प्रभारी ने यह केस पुलिस से हुई मुठभेड़ के बाद दर्ज कराया गया है। उधर, प्रशासन ने परिजनों के मांगपत्र की मांगों को पूरा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। निघासन एसडीएम और सीओ ने गांव पहुंचकर परिजनोंं से मुलाकात की।
बीते रविवार को मदरसा पढ़ने गई सिंगाही के एक गांव निवासी छात्रा की गन्ने के खेत में निर्ममता से हत्या कर दी गई थी। अगले दिन उसका शव बरामद हुआ था। परिजनों ने तिकुनिया पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। छात्रा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के समय भी हंगामा हुआ था। पुलिस ने दो दिन में घटना का खुलासा कर आरोपी सद्दाम को जेल भेज दिया। आरोपी सद्दाम से मुठभेड़ मामले में थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने हत्या की कोशिश का केस भी दर्ज कराया है।
परिजनों से मिले अफसर, मांगे जरूरी प्रपत्र
एसडीएम अश्वनी कुमार सिंह व सीओ राजेश कुमार ने गांव पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। प्रधान प्रतिनिधि श्याम सुंदर को मृतका के परिवार को आवास देने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। बैंक पासबुक व अन्य प्रपत्र भेजने की बात कही। गौरतलब है कि पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर परिजनों ने हंगामा किया और शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था। बाद में आवास, जमीन आवंटन व अन्य मांगों से संबंधित एक मांगपत्र अधिकारियों को दिया था।