आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने के लिए अभियान आज से
- जिले भर में 30 सितंबर तक बनाए जाएंगे गोल्डन कार्ड
- बीमारी की दशा में पांच लाख तक का इलाज होगा संभव
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर। एक बार फिर से जिले भर में आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने के लिए महाभियान शुरू होगा, जो 30 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे, जिससे वह बीमारी की दशा में पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज करा सकेें।
आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. बीसी पंत ने बताया कि इन दिनों जनसेवा केंद्र, पंचायत सहायक एवं आशा कार्यकर्ता पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाएंगी। उन्होंने बताया कि जिले के सभी अंत्योदय कार्डधारक एवं पूर्व में चिह्नित लाभार्थियों के कार्ड बनेंगे। सभी अंत्योदय कार्डधारक एवं चिह्नित लाभार्थी अपना आधार कार्ड, राशन कार्ड एवं प्रधानमंत्री की चिट्ठी सहित अन्य जरूरी दस्तावेज लेकर जनसेवा केंद्र एवं आशा कार्यकर्ता से निशुल्क गोल्डन कार्ड बनवा सकते हैं। कार्ड बनने के बाद लाभार्थी सूचीबद्ध राजकीय एवं निजी अस्पताल में पांच लाख तक का मुफ्त इलाज करवा सकेंगे।
गोल्डन कार्ड बनाने में यह करेंगे सहयोग
एसीएमओ डॉ. बीसी पंत ने बताया कि गोल्डन कार्ड बनाने में ग्राम प्रधान, कोटेदार, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी व शहरी क्षेत्रों में सभासद, आशा संगिनी सहयोग करेंगे।
18 हजार से अधिक लोग करा चुके हैं इलाज
नोडल अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 502363 परिवार चिह्नित हैं। इसमें कुल 2212646 पात्र व्यक्ति हैं। इनमें से 518734 लोगों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं और 18555 व्यक्ति निशुल्क इलाज भी करा चुके है, जिस पर 19 करोड़ 14 लाख रुपये का खर्च आया है।
इन अस्पतालों में होगा फ्री इलाज
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल एवं सभी सीएचसी, आयुष नर्सिंग होम, सर्जन हॉस्पिटल, सलूजा हॉस्पिटल, एसएस हॉस्पिटल, श्रॉफ चैरिटी हॉस्पिटल, वनबीट हॉस्पिटल, शिवलोक हॉस्पिटल, उमा प्रभा नेत्रालय, मोहन आई केयर, नाइस नर्सिंग होम।