लखीमपुर खीरी-बांकेगंज। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन की उत्तर निघासन रेंज में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की ओर से बाघों और हाथियों की निगरानी के लिए लगाए गए दो जोड़ी कैमरे चोरी हो गए। दुधवा के फील्ड डायरेक्टर (एफडी) ललित वर्मा ने क्षेत्रीय वनाधिकारी को संबंधित थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के दुधवा नेशनल पार्क, बफरजोन और कतर्निया घाट वन्यजीव विहार में बाघों और हाथियों की गतिविधियों का अध्ययन और उनकी गणना करने के लिए डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ने बाहरी क्षेत्र बैरिया, मझरा, तिकुनियां बीटों में चिह्नित स्थलों पर 75 कैमरे लगाए थे। इनमें से बफरजोन की उत्तर निघासन रेंज में गदियापुर गांव के निकट लगे दो जोड़ी कैमरे चोरी हो गए हैं। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के परियोजना अधिकारी दबीर हसन ने भी इसकी पुष्टि की है।
दुधवा नेशनल पार्क से बफरजोन होते हुए कतर्निया घाट आने-जाने के लिए बाघों और हाथियों का यह कॉरीडोर है। नेपाल के शुक्ला फाटा नेशनल पार्क से पीटीआर की हरीपुर रेंज से होकर हाथियों के झुंड बफरजोन की संपूर्णानगर और भीरा रेंज से किशनपुर सेंक्चुरी होते हुए इसी रास्ते से कतर्निया घाट जाते हैं। उधर, नेपाल के वर्दिया नेशनल पार्क से कतर्निया घाट आने वाले हाथी इसी रास्ते से दुधवा और बफरजोन के जंगल में पहुंचते हैं। यह हाथियों का पसंदीदा कॉरिडोर माना जाता है।
डब्ल्यूडब्ल्यूएफ ने दो माह पहले दुधवा नेशनल पार्क कोरजोन, बफरजोन और कतर्निया घाट वन्यजीव विहार जंगल से सटे बाहरी क्षेत्रों में इस कॉरिडोर पर हाथियों की आवाजाही और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 75 कैमरे लगाए थे। जिनके जरिए लगातार उनकी मॉनीटरिंग की जा रही थी। इस बीच उनमें से दो जोड़ी कैमरे चोरी हो गए। वन विभाग और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ की टीम इसकी जांच कर रही है, लेकिन अभी तक इनका पता नहीं लग सका है।
-
बफरजोन की उत्तर निघासन रेंज से दो जोड़ी कैमरे चोरी हुए हैं। क्षेत्रीय वनाधिकारी को संबंधित थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं। - ललित वर्मा, एफडी दुधवा टाइगर रिजर्व।