लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली के मोहल्ला आवास विकास कॉलोनी निवासी एक अध्यापक की दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
तहरीर में अध्यापक हरीशंकर निवासी मिश्रापुरम् मंडी समिति ने बताया कि निखिल राज की कंप्यूटर की दुकान है। दुकान के आगे निखिल व शोभित यादव आए दिन स्कूल के बच्चों के साथ छेड़खानी करने के प्रयास से बैठते हैं। अध्यापक ने दोनों को वहां बैठने से मना किया तो उक्त लोग रंजिश मानने लगे थे।
आरोप है कि बुधवार अपराह्न 02:44 बजे अध्यापक घर जाने के लिए निकले तो दउआपुर स्थित एक निजी स्कूल के गेट नंबर एक के सामने निखिल राज दुकान पर बैठे थे। उसने अपने दोस्त शोभित यादव व अन्य साथियों को बुलाया और वन विभाग नर्सरी के पास मारपीट करने लगे। घटना के दौरान दबंगों ने जेब में रखी नकदी छीन ली। सदर कोतवाली प्रभारी अंबर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच करवाकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद