उचौलिया। मंगेतर ने अपनी होने वाली पत्नी को फोन कर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और प्लाट की मांग की। इससे आहत होकर युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान दे दी। गांव लखनौरिया निवासी लालाराम ने पुलिस को तहरीर देकर मंगेतर और उसके परिजनों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव लखनौरिया निवासी लालाराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी पम्मी का विवाह हरदोई जिले के थाना मझिला क्षेत्र के गांव चठिया निवासी ज्ञानेंद्र पुत्र रावेंद्र के साथ तय किया था। 17 अप्रैल को ज्ञानेंद्र और उसके परिजनों ने गांव आकर गोद भराई की रस्म की थी। इसी दौरान ज्ञानेंद्र ने उसकी बेटी को एक मोबाइल फोन दिया था। वह और उसके परिजन पम्मी से बात करते थे। पांच जून को तिलक होना तय हुआ था लेकिन इससे पहले चार मई को पम्मी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
लालाराम ने आरोप लगाया है कि पम्मी के मंगेतर ज्ञानेंद्र और उसके परिजनों ने शादी में बुलेट मोटरसाइकिल और प्लाट की मांग की थी। जिससे परेशान होकर पम्मी ने जहरीला पदार्थ खाकर जान देदी। पुलिस ने ज्ञानेंद्र उसके पिता रावेंद्र, मां, भाई विमलेश और उसकी पत्नी और भाई विवेक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।