सिंगाही। बिजली बिल जमा करने के विवाद में छोटे भाई मोनू की हत्या करने वाले बड़े भाई और उसकी पत्नी को सिंगाही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इसके बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सिंगाही थाना कस्बे के मोहल्ला भेडौरा में शनिवार रात सोनू और उसकी पत्नी रागिनी ने छोटे भाई मोनू से मारपीट की। पत्नी रिंकी ने पुलिस को दी तहरीर में अपने पति मोनू की हत्या करने का जेठ-जेठानी पर आरोप लगाया था। पुलिस भी हत्या को आत्महत्या मान रही थी, लिहाजा रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
रविवार रात जब मृतक मोनू का शव उसके घर पहुंचा तो मृतक की पत्नी ने शव का अंतिम संस्कार करने के लिए मना कर दिया। पत्नी ने आरोपी जेठ जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की। शव का अंतिम संस्कार न होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों की मान मनौव्वल की, लेकिन रिंकी और उसके परिजन नहीं माने। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रयास करने का मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी जेठ-जेठानी को गिरफ्तार कर लिया है।