मृतक राजबहादुर की मां व अन्य परिजन
पसगवां। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदयपुर से लापता एक व्यक्ति का शव बाईपास रोड के किनारे पानी से भरी खाई में पड़ा मिला। परिजनों के मुताबिक, मृतक के सिर और पीठ में चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम उदयपुर निवासी राजबहादुर (43) पुत्र शिवराज दस जुलाई की शाम से गायब था। परिवार वालों ने तलाश किया, लेकिन उसका पता नहीं चला। 12 जुलाई को राजबहादुर की मां फूलमती ने कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई। बृहस्पतिवार सुबह नौ बजे उदयपुर नहर पुल से एक किलोमीटर दूर हाईवे के किनारे खाई में भरे पानी में राजबहादुर का शव पड़ा मिला।
जनपद हरदोई थाना पचदेवरा के ग्राम मुर्तजा अली नगर निवासी दामाद संजय कुमार ने बताया कि गांव वालों से जानकारी मिली है कि गायब होने से पहले गांव के ही एक व्यक्ति के साथ राजबहादुर शराब के ठेके पर शराब पी रहा था। उधर, शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को खाई से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की मां और दामाद ने बताया कि उसके सिर और पीठ में चोट के निशान दिखाई दिए।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह ने बताया कि शव पानी में पड़ा होने के कारण और कई दिन पुराना होने के कारण खाल शरीर से अलग होने लगी थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मृतक राजबहादुर की मां व अन्य परिजन