लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में जल्द ही ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट लगेगी। इसके लिए बुधवार को केंद्रीय औषधि निरीक्षक सुधीर सिंह ने ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।
अभी तक जिला अस्पताल के ब्लड बैंक से जरूरतमंदों को सिर्फ एक यूनिट रक्त का ही लाभ मिलता था, लेकिन यूनिट लगने से एक यूनिट ब्लड से चार लोग लाभान्वित होंगे। बता दें कि ब्लड में चार कंपोनेंट होते हैं। इनमें रेड ब्लड सेल यानि आरबीसी, प्लाज्मा, प्लेटलेट्स और क्रायोप्रेसीपिटेट। इससे जिस मरीज को जिस कंपोनेंट की जरूरत होगी, वह उसे जिला अस्पताल में ही मिल सकेगा। जबकि अभी तक इनके मरीजों को लखनऊ रेफर किया जा रहा था।
जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की क्षमता करीब एक हजार यूनिट ब्लड रखने की है। औसतन प्रतिदिन 15-20 यूनिट ब्लड की खपत होती है। अभी तक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट न होने से एक यूनिट ब्लड एक ही मरीज के काम आता है। बुधवार को केंद्रीय औषधि निरीक्षक सुधीर सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर यूनिट के लिए जगह का निरीक्षण किया। बताते हैं कि जगह मानक अनुरूप है। फिलहाल छिटपुट कमियां मिली हैं, जिन्हें जल्द ही दुरुस्त करने के लिए कहा है।
जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट लगनी है। इसके लिए केंद्रीय औषधि निरीक्षक ने बुधवार को ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। इसमें सब कुछ ओके मिला। जल्द ही यूनिट लगनी शुरू हो जाएगी।
- सुनील रावत, जिला औषधि निरीक्षक