आमने सामने भाजपा विधायक और अवधेश सिंह
- फोटो : वीडियो ग्रैब
लखीमपुर अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रधान शाखा में डेलीगेट के नामांकन के दौरान बुधवार को भाजपा विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ मारने की घटना का संज्ञान पार्टी के प्रदेश नेतृत्व ने लिया है। प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने बैंक की निवर्तमान अध्यक्ष पुष्पा सिंह, उनके पति जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल यादव व बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की पूर्व सह संयोजक ज्योति शुक्ला को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा है।
नोटिस में कहा गया है कि भाजपा की सक्रिय सदस्य पुष्पा सिंह व अवधेश सिंह के अलावा अनिल यादव व ज्योति शुक्ला ने पार्टी के सदर विधायक योगेश वर्मा, संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ राजू अग्रवाल और शक्ति केंद्र संयोजक रामकृष्ण पुरी गांधी के साथ अभद्रता की है। यह अनुशासनहीनता है। नोटिस जारी करते हुए चेतावनी भी दी गई है कि समय से स्पष्टीकरण और संतोषजनक उत्तर न मिलने पर पार्टी सख्त कार्रवाई करेगी।
यह था मामला
बुधवार को अर्बन कोऑपरेटिव बैंक की प्रधान शाखा में डेलीगेट चुनाव के लिए पर्चे बिक्री किए जा रहे थे। इसी बीच सदर विधायक योगेश वर्मा और जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अवधेश सिंह आमने-सामने आ गए। पुलिस की मौजूदगी में अवधेश सिंह ने सदर विधायक योगेश वर्मा को थप्पड़ जड़ दिया था। इस घटना के बाद विधायक समर्थक आक्रोशित हो उठे और अवधेश सिंह व उनकी पत्नी पुष्पा सिंह के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया था। सुबह साढ़े दस बजे से शुरू हुआ बवाल शाम चार बजे के बाद तक चला।