गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज के सामने फुटपाथ पर लगीं फलों की दुकानों को हटाने का मामला बृहस्पतिवार को गरमा गया। इसे लेकर पब्लिक इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारी और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
बृहस्पतिवार को पब्लिक इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारी और नगर पालिका के कर्मचारी फलों की दुकानों को हटाने के लिए पहुंचे। फल दुकानदारों ने त्योहार नजदीक होने के कारण मोहलत मांगी और अपना दुखड़ा विधायक अमन गिरि और भाजपा नेता धर्मेंद्र गिरि मोंटी को सुनाया।
जब विधायक अमन गिरि अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को सांत्वना देते हुए दो टूक कहा कि दुकानदारों को नहीं हटाया जाएगा और हटाई गई दुकानों को दोबारा उसी स्थान पर लगवाया।
इस पर बात बढ़ गई और मामला तूल पकड़ गया। विधायक और पब्लिक इंटर कॉलेज के निवर्तमान मंत्री और भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार माहेश्वरी के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। विधायक दुकानदारों को नहीं हटाया जाएगा कहकर चले गए।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय कुमार महेश्वरी ने बताया कि कॉलेज के सामने से फलों की दुकानों को हटाने को लेकर नगरपालिका, एसडीएम सहित तमाम अधिकारियों को प्रार्थनापत्र दिए गए थे। प्रार्थना पत्र पर कार्रवाई की गई है।
नगर पालिका के अध्यक्ष विजय शुक्ला रिंकू ने बताया कि मामला संज्ञान में है, पब्लिक इंटर कॉलेज प्रबंध समिति के पदाधिकारियों के द्वारा प्रार्थनापत्र दिया गया था। जिसको लेकर कार्रवाई की गई थी।
दुकानदारों ने फुटपाथ पर दुकान लगाने के एवज में लगाया धन उगाही का आरोप
लखीमपुर रोड के फुटपाथ पर फल दुकानदारों मुन्ना, इरफान, निसार, इशरत ने बताया कि यहां दुकान लगाने के एवज में किसी से सौ तो किसी से डेढ़ सौ रुपए प्रतिदिन वसूले जाते हैं। यहां प्रशासन ने वेंडिंग जोन बनाकर उन्हें बिठाया था।