फरधान (लखीमपुर खीरी)। दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के समापन पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलिखेश यादव ने भाजपा पर तीखा हमला किया। बोले- भाजपा सरकार में बेटियों और महिलाओं का अपमान हो रहा है। लखनऊ, बरेली और लखीमपुर में सबसे ज्यादा भूमाफिया भाजपा के हैं। ग्राम समाज की जमीन, तालाब समेत हर जगह भाजपा के लोग कब्जा किए हुए हैं।
सपा में ही मजदूरों, किसानों और नौजवानों का भविष्य है। भाजपा सरकार कंपनी की सरकार है। इसका काम कंपनियों को फायदा पहुंचाना है। सपा सरकार में किसानों की फसल समय से खरीदी जाती थी, भाजपा सरकार में इसके उलट हो रहा है। नोटबंदी कर काला धन लाने वाली सरकार ने जनता को लाइन में लगा दिया था, लेकिन काला धन नहीं आया। अब दो हजार का नोट बंदकर भाजपा सरकार फिर नया कांड करना चाह रही है।
अलिखेश देवकली स्थित आदर्श जनता महाविद्यालय में चल रहे दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर और लोक जागरण अभियान के समापन समारोह पर पहुंचे थे। इस दौरान पूर्व विधायक उत्कर्ष वर्मा के बाबा मरहूम कौशल किशोर वर्मा की प्रतिमा का अनावरण कर कार्यकर्ताओं को लोकसभा चुनाव का गुरुमंत्र दिया। सभी सेक्टर प्रभारियों को क्षेत्रों में मजबूती से भ्रमण कर सही रिपोर्ट देने के लिए कहा।
भाजपा सरकार चला नहीं पाई समाजवादी एंबुलेंस
अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार किसानों का गेहूं समर्थन मूल्य पर नहीं खरीद पाई। कुछ खास संबंधियों को फायदा दिलाया गया। देवकली में मेडिकल कालेज बन रहा है। ऐसा लगता है कि कोई खंडहर है जो वर्षों से बन रहा है, आज तक पूरा नहीं हुआ। लखनऊ में मेडिकल कालेज का उद्घाटन प्रधानमंत्री से करा दिया, जिसकी बिल्डिंग आज तक नहीं बनी। रास्ते में आते समय पीएचसी देवकली बंद मिली। उसमें डॉक्टर हैं या नहीं, यह भी पता नहीं चला। समाजवादी सरकार ने मरीजों की सुविधाओं के लिए 108 और 102 एंबुलेंस चलाई थीं। ये सड़कों पर चलती तो नहीं देखीं लेकिन पीएचसी देवकली में तीन एंबुलेंस कबाड़ के रूप में खड़ी दिखीं। तीनों एंबुलेंस देख कर लग रहा है भाजपा सरकार चला नहीं पा रही है।
खीरी में जानवर देखने की जरूरत नहीं
अखिलेश यादव ने कहा- सोचा था दुधवा पार्क में रुककर जंगली जानवर देखूंगा, लेकिन खीरी में किसानों के खेतों और सड़कों पर छुट्टा पशुओं को देखकर जंगल के जानवर देखने का मन नहीं हुआ। छुट्टा पशुओं के नाम पर सरकार करोड़ों रुपये गौशालाओं में खर्च कर रही है, लेकिन गाय और सांड़ अब भी सड़कों पर घूम रहे हैं।
सपा में आंतरिक कलह उभर कर आई सामने
फरधान। सपा के दो दिवसीय लोक जागरण कार्यक्रम में पहुंचे अखिलेश यादव भले ही जिले के शीर्ष नेतृत्व को एक समझ रहे हों, लेकिन सपा कार्यकर्ता जिले के नेताओं से खुश नहीं हैं। इसलिए अपनी बात पहुंचाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने नेता जी का फोटो लगा बैनर अखिलेश को दिखाया और अपना दर्द बयां करने की कोशिश की। लिखा कि नेताजी के वास्ते आज नेताओं की नहीं, कार्यकर्ताओं के दिल की बात सुनें अखिलेश।
देवकली अस्पताल में इन्हीं एंबुलेंसो देखकर कसा तंच।