लखीमपुर खीरी के एआरटीओ दफ्तर में तैनात एक कर्मचारी ने दूसरे साथी के बर्थडे पार्टी पर कार्यालय में केक काटने के अलावा दावत आदि का भी इंतजाम किया। इसका वीडियो वायरल हुआ तो महकमे में खलबली मच गई। वीडियो में कार्यालय का कर्मचारी शराब की बोतल गिफ्ट करते हुए दिखाई दे रहा है।
एआरटीओ कार्यालय में सारथी एप पर फीडिंग का कार्य देख रहे विकास अग्रवाल व वरिष्ठ सहायक के पद पर तैनात अंशुमान की बर्थडे पर जमकर मौज मस्ती का वीडियो वायरल हुआ है। हैरानी की बात है कि यह वीडियो कार्यालय में शूट किया गया। कार्यालय नियमों को ताक पर रखकर बाकायदा केक काटा गया, इतना ही नहीं बतौर गिफ्ट शराब की बोतल भी दी गई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग तरह तरह की बातें कर रहे हैं, वहीं विभागीय अधिकारी इस तरह के किसी भी कार्यक्रम की जानकारी होने से मना कर रहे हैं। बताया गया कि कार्यक्रम के दौरान किसी ने वीडियो बनाकर व्हाट्स एप्प स्टेटस लगाया और वहीं से यह वीडियो वायरल हो गया।
कर्मचारी ने बताया एक साल पुराना है वीडियो
एआरटीओ विभाग में सारथी एप की फीडिंग का कार्य करने वाले कर्मचारी विकास अग्रवाल ने बताया कि वीडियो एक साल पुराना है। किसी ने स्टेटस से कापी करते हुए वायरल किया है। जबकि दूसरे कर्मचारी अंशुमान वीडियो में तो दिखाई दे रहे हैं। लेकिन जवाब देने से कतराते दिखाई दिए।
सरकारी भवन में नहीं किया जा सकता निजी कार्यक्रम
शासन के निर्देशों की बात करें तो कोई भी प्राइवेट कार्यक्रम सरकारी भवन या सरकारी कार्यालय में नहीं किए जा सकते हैं। इसके बाद भी एआरटीओ विभाग के कर्मचारी नियमों को ताक पर रखकर अपना जन्मदिन मनाते देखे जा रहे हैं। कई बार देखा गया है कि सरकारी कार्यालय में कर्मचारी अधिकारियों के सामने बर्थडे पार्टी आदि मना लेते हैं जोकि नियमों के खिलाफ है।
इसके अलावा वीडियो में अंग्रेजी शराब की बोतल दिखना कर्मचारियों के साथ साथ परिवहन अफसरों को भी कटघरे में खड़ा करता है। यह सब उनकी नाक के नीचे घटित होता रहा, लेकिन ऐसा नहीं कि आला अफसर इससे अनजान रहे हों। विभागीय सूत्रों का यह भी कहना है कि यह दोनों कर्मचारी अफसरों के बेहद खासमखास हैं और दफ्तर का पूरा काम भी इन्हीं के दम पर होता है। अब मामला खुलने पर लीपापोती की जा रही है। उधर, दूसरे कर्मचारी अंशुमान का फोन न उठने पर उसका पक्ष नहीं मिल सका है।