धौरहरा/खमरिया। रिश्तेदार के अंतिम संस्कार से लौट रहे सीतापुर जिले के रहने वाले बाइक सवार चाचा-भतीजे की तेज रफ्तार डीसीएम से टकराकर मौत हो गई। हादसा रविवार की रात करीब 12:30 बजे पीलीभीत-बस्ती हाईवे पर खमरिया थाना क्षेत्र में बेहेड गांव के पास हुआ।
सीतापुर के थाना तालगांव के गांव आजादपुर पोस्ट मुबारकपुर निवासी अतुल कुमार (22) पुत्र अमर सिंह अपने चाचा अर्जुन लाल (24) पुत्र हरिप्रसाद के साथ रविवार की सुबह बाइक से बहराइच के मटेरा कला गांव निवासी रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे। रात करीब 12:30 बजे थाना खमरिया थाना क्षेत्र के बेहेड़ गांव के निकट तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में उनकी बाइक आ गई।
हादसे में दोनों गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची खमरिया पुलिस ने घायलों को आनन-फानन सीएचसी खमरिया भेजा। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतकों का शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिए। मृतकों घरों में मातम का माहौल है। खमरिया थाना प्रभारी मनबोध तिवारी ने बताया कि डीसीएम को पकड़ा नहीं जा सका है। जांच की जा रही है।