पलियाकलां। शारदा पुल पर बुधवार रात आठ बजे अनियंत्रित होकर एक बाइक रेलिंग से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठी महिला की गोद से उछलकर बच्चा नदी में जा गिरा। बच्चे की तलाश के लिए एनडीआरएफ को लगाया गया है।
बिजुआ क्षेत्र के गांव रामालक्षना निवासी गुरवचन पुत्र गोपीराम अपनी पत्नी सुमन और एक माह के बच्चे के साथ पत्नी की जांच कराने के लिए पलिया आए थे। यहां से वह रात करीब आठ बजे अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान शारदा पुल पर सामने से आ रही एक कार की रोशनी बाइक चालक गुरवचन की आंख पर पड़ी। इससे बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। झटका लगते ही पत्नी की गोद में मौजूद एक माह का मासूम बेटा उछलकर नदी में गिर गया। हादसे में दंपती भी जख्मी हो गए।
घटना की सूचना पर कोतवाल प्रमोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे और घायल दंपती को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया भिजवाया। बच्चे के नदी में गिरने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।