लखीमपुर खीरी। भाई के घर जा रही बहनों को रोडवेज बसों के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। सीतापुर, गोला और शाहजहांपुर रूट की बसों में यात्री खड़े होकर सफर करते नजर आए। रोडवेज की बस नहीं मिली तो प्राइवेट वाहनाें का सहारा लेना पड़ा। राजापुर, छाउछ और रोडवेज बस अड्डे के पास खड़ीं बहनें बसों का इंतजार करती नजर आईं।
भाई दूज मनाने भाई के घर जा रही बहनों की सुविधा के लिए लखीमपुर डिपो ने विशेष इंतजामों का दावा किया था। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसों के संचालन की बात भी कही थी लेकिन बुधवार को इन दावों की असलियत सामने आ गई। सीतापुर, लखनऊ और गोला रूट पर बहनें बस में खड़े होकर सफर करती नजर आईं। शाहजहांपुर और पीलीभीत की बसों का इंतजार भी किया। भाई के घर पहुंचने लिए राजापुर चौराहे से बहनों ने प्राइवेट सवारी वाहनों का सहारा लिया। टाटा मैजिक और अन्य वाहनों से सफर किया।
डग्गामार बसों और वाहनों ने की खूब कमाई
दोपहर दो बजे एलआरपी चौराहे पर यात्रियों की भीड़ थी। कई बहनें शाहजहांपुर रूट की बस का इंतजार कर रही थीं। सीतापुर रोड पर रोडवेज बसों के आगे आगे खड़ीं प्राइवेट बसों में भी यात्री बिठाए जा रहे थे। कई अन्य डग्गामार वाहनों ने भी जमकर कमाई की। बेहजम रोड पर भी कई बहनें सवारी वाहनों का इंतजार करती नजर आईं।
लखनऊ रूट की बसों के बढ़वाए फेरे
एआरएम मुकेश मेहरोत्रा ने बताया कि दोपहर बाद यात्रियों की संख्या में इजाफा हुआ। बहनों को बेहतर सुविधा देने के लिए लखनऊ रूट पर बसें के फेरे बढ़ाए गए। बहनों को उनके गंतव्य तक भेजा गया। बहनों को किसी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा।
मैलानी में भी बसों में रही भीड़भाड़
मैलानी। भाई दूज के मौके पर यहां बसों में खूब भीड़भाड़ रही। बसों में सवार होने वाले यात्रियों में सबसे ज्यादा संख्या बहनों की रही। लखनऊ की ओर से आने वाली ट्रेनों के समय दोपहर में मैलानी से भीरा, पलिया, खुटार, संपूर्णानगर आदि की ओर जाने वाली बसों में अत्यधिक भीड़ रही। भीड़ के कारण तमाम यात्रियों को एक छोड़कर दूसरी बसों में बैैठकर गंतव्य के लिए जाना पड़ा।
मैलानी में भाईदूज पर बसों में भीड़ का नजारा