लखीमपुर खीरी। बरसात का मौसम नजदीक आते देख गंगोत्री नगर मोहल्ले के लोगों की धड़कनें फिर से बढ़ने लगी हैं। यहां करीब 15 सालों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। हर साल बरसात के दौरान मोहल्ले की गलियों में घुटनों तक पानी भर जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो जाता है। इस बार भी बरसात से पहले काम पूरा होता हुआ नहीं दिखाई दे रहा है।
तीन पालिकाध्यक्ष बदल गए मगर गंगोत्री नगर में जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हो पाया। बताया जाता है कि मोहल्ला गंगोत्री नगर निचले स्तर पर बसा हुआ है लिहाजा साल भर जलभराव की स्थित बनी रहती है। यहां रहने वाले लोगों ने शहर की नई सरकार बनने के बाद एक बार फिर से मामला उठाया।
शिकायत पर नगर पालिका की चेयरमैन डॉ. इरा श्रीवास्तव, ईओ संजय कुमार सहित तमाम कर्मचारियों ने मोहल्ले का भ्रमण किया और लोगों को जलभराव की समस्या का समाधान कराने के लिए दूसरे दिन से ही कार्य शुरू कराने की बात कही थी, लेकिन मोहल्ले के लोगों को अभी भी उम्मीद नहीं है कि इस बार सभी को जलभराव से मुक्ति मिलेगी।
पहले दिन फेल हो गया संपवेल बनाने का प्लान
बता दें कि मोहल्ला गंगोत्री नगर को जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए संपवेल का प्लान तैयार किया गया था। यह प्लान पहले ही दिन फेल हो गया। मोहल्ले के लोगों का कहना था कि नगर पालिका के कर्मचारियों ने कार्य शुरू ही किया था लेकिन पानी की अधिकता होने के चलते खोदे गए गड्ढे में पानी भर गया, जिससे कार्य रोकना पड़ा।
गंगोत्री नगर वार्ड की समस्या काफी पुरानी है। समस्या समाधान के लिए कार्य शुरू कराया गया है। कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। बरसात से पहले कार्य पूरा हो इसका ध्यान रखा जा रहा है।
-डॉ. इरा श्रीवास्तव, पालिकाध्यक्ष खीरी
गंगोत्री नगर में जल निकासी का कार्य शुरू