केंद्र सरकार की फ्री गैस कनेक्शन योजना उज्ज्वला अभी बांकेगंज ब्लाक की एक तिहाई ग्राम पंचायतों में शुरू नहीं हो पाई है।
बता दें कि ब्लाक बांकेगंज की 50 ग्राम पंचायतों में अधिकतर पंचायतों के गांवों की आबादी दक्षिण खीरी वन प्रभाग के मैलानी, गोला और मोहम्मदी रेंज जंगल किनारे बसी हुई है। इन गांवों के लोग भोजन बनाने के लिए ईंधन के लिए जंगलों की लकड़ी पर निर्भर हैं। ऐसे में यदि इन्हें प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत फ्री गैस कनेक्शन मिल जाते है तो इनकी जंगलों पर निर्भरता कम होगी। इससे जंगल भी सुरक्षित रहेंगे। इस संबध में पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद मिश्र, भाजपा मंडल अध्यक्ष नौबत सिंह और प्रदेश भाजपा गोवंश प्रकोष्ठ सह संयोजक रिंकू शुक्ला का कहना है कि बांकेगंज ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में उज्जवला योजना के तहत नि:शुल्क गैस कनेक्शन का जल्द ही वितरण कराया जाएगा। उधर गोला गैस एजेंसी मालिक अतुल अग्रवाल ने बताया कि उज्जवला योजना के तहत 2011 की आर्थिक जनगणना के अनुसार जिन परिवारों के पास गैस कनेक्शन नहीं हैं, उन्हें नि:शुल्क कनेक्शन दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बांकेगंज कस्बे में 18 जुलाई सोमवार प्रात: दस बजे स्टेट बैंक के निकट शिविर लगाया जाएगा। इसमें पहचान के लिए पति-पत्नी का आधार और राशन कार्ड अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ सभी वर्ग के निर्धन पात्र परिवारों को मिलेगा। शिविर मेें ऑन लाइन आवेदन नि:शुल्क होगा।