लखीमपुर खीरी। जिले के राजकीय इंटर कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा निखारने की कवायद शुरू हो गई है। इसी क्रम में चार कॉलेजों में करीब 6.28 लाख रुपये की लागत से बैडमिंटन कोर्ट बनाए जाएंगे। निर्माण पूरा होने के बाद बच्चों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद वह जनपद से लेकर मंडल तक खेलों में हिस्सा लेंगे।
राजकीय इंटर कॉलेजों में खेल मैदान को विकसित करने और बैडमिंटन कोर्ट को लेकर प्रस्ताव मांगे गए थे। प्रस्ताव मिलने के बाद शासन को मंजूरी के लिए भेजा गया। मंजूरी मिलने के बाद राजकीय इंटर कॉलेज धौरहरा, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज निघासन, राजकीय इंटर कॉलेज लुधौरी और राजकीय बालिका हाईस्कूल पिपरी चौराहा में खेल मैदान के साथ ही बैडमिंटन कोर्ट बनाया जाएगा।
विद्यालयवार 1.57 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। डीआईओएस डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि कॉलेजों के प्रधानाचार्याें को गुणवत्तापरक कार्य कराने के निर्देश दिए गए हैं। बैडमिंटन कोर्ट बनने के बाद निश्चित तौर पर बच्चों की प्रतिभा में निखार आएगा और ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं जनपद स्तर से लेकर मंडल और राज्य स्तर पर जिले का नाम रोशन करेंगे।