बीएड अभ्यर्थियों ने किया विरोध प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
लखीमपुर खीरी में शुक्रवार को विलोबी मेमोरियल हाल में बीएड अभ्यर्थियों ने एक दिवसीय धरना दिया। धरने के बाद अभ्यर्थियों ने अपनी मांगों का एक ज्ञापन डीएम को सौंपा। बीएड संघर्ष मोर्चा से जुड़े अमन मिश्रा ने बताया कि बीएड अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद और नियमों के साथ ही अपनी बीएड डिग्री पूरी की है। 11 अगस्त को सर्वोच्च न्यायालय ने एनसीटीई के उक्त राजपत्र को असंवैधानिक करार देने वाले राजस्थान हाईकोर्ट के 25 नवंबर 2021 के निर्णय को ही मान्य कर दिया है। इससे बीएड अभ्यर्थी काफी परेशान हैं।
प्रदेश नेतृत्व से मिले दिशा निर्देशों के बाद शुक्रवार को सभी बीएड अभ्यर्थी विलोबी हाल में एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। मांग की कि भारत सरकार के राजपत्र रद्द मामले पर उच्चतम न्यायालय में ही प्राप्त संवैधानिक अधिकार के तहत पुनर्विचार याचिका दाखिल कर पुनः विधिवत व तर्कपूर्ण सुनवाई कराई जाए और प्राथमिक विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षक बनने की बीएड डिग्री योग्यता हमेशा के लिए सुनिश्चित करने वाला अध्यादेश बिल अविलंब पारित कर करोड़ों बीएड अभ्यर्थियों के साथ इंसाफ दिलाया जाए।