खीरी टाउन। कस्बा खीरी में मुहर्रम के चलते आठवीं का जुलूस अकीदत और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में लोग हाथों में अलम और सीने पर मातम करते हुए नजर आए। जुलूस सुन्नी इमामबाड़े से उठकर मुगली टोला स्थित शिया वक्फ इमामबाड़े में देर रात को संपन्न हुआ। इमामबाड़े के पास लोगों ने नंगी पीठ पर छुरियों और तलवारों से मातम किया।
आठवीं का जुलूस मोहल्ला शेख सराय स्थित सुन्नी इमामबाड़े से अंजुमन गुलामाने हुसैन और अंजुमन हुसैनिया के अजादारों ने जुलूस निकाला, जो बाजार, मोहल्ला खत्री टोला होता हुआ मोहल्ला मुगली टोला स्थित शिया वक्फ इमामबाड़े में संपन्न हुआ। जुलूस में लोगों ने मर्सिया पढ़ी। सीने पर मातम किया और नंगी पीठ पर छुरी और तलवार का मातम करते हुए अपने आप को लहूलुहान करके इमाम हुसैन के 72 साथियों की शहादत को याद किया।
मोहम्मदी में इमाम हुसैन की शहादत पर इमामबाड़ा बाजार खुर्द से निकले जुलूस में बड़ी संख्या में अंजुमन हुसैनिया के अजादारों सहित महिलाओं ने शिरकत की। जुलूस में अंजुमन हुसैनिया ने जोरदार मातम किया। इमामबाड़े से जुलूस शुक्लापुर, देविस्थान, नत्थू चौराहा तालिब अली चौराहा पीडी इंटर कॉलेज, सराय मोहल्ला जामा मस्जिद बाजार खुर्द होते हुए निकला।