लखीमपुर खीरी। जनपद में अब तक करीब 11 लाख लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। छूटे लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए एक माह के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सब-सेंटरों पर आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित न रह जाए। इस संबंध में बुधवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने जूम एप पर मीटिंग में संबंधित अफसरों को दिशा-निर्देश दिए। सीएचसी अधीक्षक अपने स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करेंगे, प्रतिदिन समीक्षा सीएमओ करेंगे और साप्ताहिक समीक्षा स्वयं सीडीओ करेंगे। संवाद