लखीमपुर खीरी। आयुष्मान योजना आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए बेहद मुफीद साबित हो रही है। इससे मरीजों केे पांच लाख रुपये तक का हर साल इलाज कराने की सुविधा मिल रही है। योजना शुरू होने से अब तक जिले के 24343 मरीज अपना इलाज करवा चुके हैं। जिस पर 28 करोड़ की धनराशि खर्च हुई है। इस योजना के तहत 2143521 लोग चयनित हैं, जिसमें से 652975 के कार्ड बन चुके हैं।
आयुष्मान कार्ड के जरिए किडनी, कैंसर सर्जरी, पथरी का ऑपरेशन, डायलिसिस, कार्डियक एंजियोप्लास्टी सहित अन्य तमाम बीमारियों का इलाज हुआ है। आयुष्मान योजना के जिला शिकायत प्रबंधक अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में अब 652975 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं। जबकि 2143521 लाभार्थियों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित है। अब तक जिले के 24343 मरीजों का इलाज आयुष्मान योजना के तहत हो चुका है। इसके लिए शासन की ओर से करीब 28 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है।
आर्थिक जनगणना 2011 के आधार पर चयनित हैं पात्र
डॉ. अक्षत ने बताया कि आर्थिक जनगणना 2011 के आधार पर चयनित आर्थिक कमजोर वर्ग के लोगों की सूची शासन से जारी हुई थी, जिसके अनुसार जिले के कुल 502619 परिवार और 2143521 लाभार्थी चयनित है। इस योजना से जिले के सभी सरकारी एवं 15 निजी अस्पताल जोड़े गए हैं। जहां पर मरीज कार्ड के माध्यम से इलाज करवा सकता है। लाभार्थियों के कार्ड बनाने के लिए सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों में आयुष्मान मित्र नियुक्त हुए। वहीं जनसेवा केंद्र पर भी नि:शुल्क कार्ड बनाए जाते हैं।
सभी सीएचसी एवं जिला व महिला अस्पताल सहित इस योजना के तहत चिह्नित निजी अस्पतालों में कार्ड बनाने के लिए आयुष्मान मित्र रखे गए हैं। अब तक विभिन्न बीमारियों से ग्रसित 24343 लोग जिले से लेकर लखनऊ बरेली आदि में इलाज करवा चुके हैं। इनके इलाज पर शासन स्तर से 28 करोड़ का भुगतान किया गया है।
-डॉ. बीसी पंत, एसीएमओ एवं नोडल आयुष्मान भारत