लखीमपुर खीरी। डेढ़ साल पहले आवास विकास कॉलोनी में आवास विकास परिषद ने महंगे दामों पर प्लॉटों की बिक्री तो की, लेकिन डेढ़ साल से ज्यादा का वक्त बीतने के बावजूद अभी तक खरीदारों को कब्जा नहीं दिलाया। ऐसे में परेशान खरीदारों ने मुख्यमंत्री दफ्तर का दरवाजा खटखटाया है।
कस्बा खमरिया पंडित निवासी सुनील कुमार गुप्ता पुत्र गोवर्धन लाल गुप्ता ने सीएम पोर्टल पर शिकायत करते हुए बताया कि समाचारपत्र में निविदा के माध्यम से आवासीय प्लाटों की जानकारी होने पर आवास विकास परिषद में 17-08- 2022 की आवंटन तिथि में प्लाट संख्या 200 (127.50 वर्ग मीटर) 27.20 लाख रुपये में खरीदा था। जिनकी रजिस्ट्री आवास विकास के संपत्ति प्रबंधक महबूब खान के जरिये करवाई गई थी। कब्जा पत्र 19- 08- 2023 को आवास विकास परिषद द्वारा जारी किया गया था। लेकिन आवास विकास परिषद ने अभी तक खरीदे गए भूखंड पर कब्जा नहीं दिलाया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि प्लॉट रजिस्ट्री के बाद उन्होंने उक्त भूखंड पर घर बनवाने के लिए बैंक से लोन भी लिया है। पीड़ित ने मुख्यमंत्री के जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाकर उक्त भूखंड पर कब्जा दिलवाने की मांग की है। जानकारी के मुताबिक आवास विकास परिषद ने कुल 13 भूखंडों की बिक्री की है, लेकिन, अभी तक कब्जा नहीं मिला।