सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव के एक गांव में शनिवार देर शाम तीन बच्चियों के साथ एक युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की। जानकारी होने पर परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
तीनों बच्चियां दस, सात और छह साल की हैं। एक साथ शौच के लिए गई थीं। इसी दौरान गांव के एक युवक ने उनसे अश्लीलता करते हुए दुष्कर्म की कोशिश की। युवक की हरकत देखकर तीनों मासूम डर गईं और शोर मचाया। जब तक घटना का पता परिजनों को चलता, इससे पहले ही वहां पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी युवक को पकड़कर पिटाई कर दी।
आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। मासूमों के साथ हुई घटना की सूचना सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस बात की जानकारी होने पर सीओ मितौली शमशेर बहादुर सिंह, थानाध्यक्ष सुनीता कुशवाहा के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
-
आरोपी शराब के नशे में धुत था। दुष्कर्म के प्रयास के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। आरोपी हिरासत में है। परिजन छेड़छाड़ की तहरीर दे रहे हैं। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
शमशेर बहादुर सिंह, सीओ मितौली