लखीमपुर खीरी। जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयुष्मान और जन आरोग्य मेला हुआ। अव्यवस्थाओं के बीच हुए आरोग्य मेले में शहर के नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य नौरंगाबाद पर फार्मासिस्ट वीरपाल सिंह ने मरीजों को परामर्श और दवाएं दीं। सीएचसी फरधान पर महज एक महिला चिकित्सक ही मौजूद रहीं। अन्य स्टाफ नजर नहीं आया। आरोग्य मेले में उल्टी-दस्त, बुखार और खांसी आदि के मरीज अधिक आए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौरंगाबाद में दोपहर एक बजे तक 33 मरीजों का इलाज किया गया। इनमें पांच एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंचे थे। अन्य मरीज बुखार-जुकाम, डायरिया और डिहाइड्रेशन से पीड़ित थे। परामर्श और दवा के साथ ही मरीजों को लू से बचाव के उपाय भी बताए गए। आरोग्य मेले में स्टाफ नर्स अर्चना और रमन मिश्रा मौजूद रहीं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्मलनगर में भी डायरिया और बुखार पीड़ित मरीज अधिक पहुंचे। अन्य प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे मरीजों में उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या अधिक रही। सीएचसी फरधान में आरोग्य मेला महिला चिकित्सक के सहारे चलता मिला। दोपहर एक बजे तक सिर्फ 12 मरीज पहुंचे।
-
56 की जांच, दो मिले मलेरिया पॉजिटिव
पसगवां। सीएचसी अधीक्षक डॉ.अश्वनी वर्मा ने बताया कि मेले में डायरिया के 10, उल्टी-दस्त के चार और मधुमेह के चार मरीजों की जांच कर निशुल्क दवाएं दी गईं। मलेरिया के छह मरीजों की जांच की गई है। इनमें दो मरीज पाॅजिटिव मिले। आरोग्य मेले में डाॅ. कुलदीप कुमार और यूनानी चिकित्सा की डाॅ. रक्शां कमर ने मरीजों की जांच कर दवाएं दीं। संवाद
उल्टी-दस्त और त्वचा संबंधी मरीज आए अधिक
बिजुआ । प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़रिया तुला में 44 मरीज देखे गए। इनमें सात बुखार-खांसी, तीन मधुमेह, 11 मरीज त्वचा रोग संबंधी समस्या से परेशान थे। उल्टी-दस्त से पीड़ित नौ मरीज पहुंचे। डाॅ. राजेश कुमार ने मरीजों का इलाज किया। अमीरनगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंभी में डॉ. मोहम्मद शादाब और फार्मासिस्ट राजेंद्र चौधरी ने मरीजों का इलाज किया। दोपहर दो बजे तक 57 मरीज देखे गए। खीरी टाउन के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खीरी टाउन में 38 मरीज देखे गए। डॉ. ताजुद्दीन ने बताया कि अधिकतर बुखार और गर्मी की वजह से दाने आदि की समस्या से पीड़ित थे।
शाम तक सिर्फ 16 मरीज देखे गए
संपूर्णनगर। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संपूर्णानगर में शाम चार बजे तक सिर्फ 16 मरीज देखे गए। इनमें बुखार, ब्लड प्रेशर, कमजोरी और उल्टी-दस्त के मरीज थे। सीएचसी बेहजम में 114 मरीज देखे गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि मेले में खांसी-बुखार और पेट खराब के मरीज अधिक आए। खजुरिया पीएचसी में 10 मरीज देखे गए। निघासन सीएचसी में 50 मरीजों की ओपीडी हुई। अधीक्षक डॉ. पीके रावत, डॉ. अनिल पटेल आदि मौजूद रहे। संवाद
-
गोला सीएचसी पर आए 100 मरीज
गोला गोकर्णनाथ/ अलीगंज। सीएचसी गोला पर दोपहर दो बजे तक 100 मरीज देखे गए। जिसमें बुखार के 18, मधुमेह के सात और 20 गर्भवती महिलाएं शामिल थीं। डॉ. अजय वर्मा, डाॅ. यामिनी बादल और फार्मासिस्ट विवेक शर्मा मौजूद रहे। उधर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुस्तफाबाद में जन आरोग्य मेले में 22 मरीज देखे गए। संवाद