पसगवां। जिला मुख्यालय के लिए इस क्षेत्र से कोई सीधी बस सेवा न होने से ग्रामीणों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बरवर से जिले तक जाने वाली बस सेवा भी बंद हो गई है। उचौलिया वासियों को तो तहसील की भी कोई सीधी सेवा मयस्सर नहीं है।
उचौलिया से 95 और पसगवां से 82 किलोमीटर जिला मुख्यालय होने पर भी सीधी बस सेवा न होने से आसपास के सैकड़ों गांवों के नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। तीन साल पहले उचौलिया से जिला मुख्यालय के लिए रोडवेज की सीधी सेवा शुरू हुई थी लेकिन कुंभ मेला के लिए बंद होने के बाद चल नहीं पाई।
उचौलिया से तहसील पहुंचने के लिए जंगबहादरगंज आकर वाहन बदलना पड़ता है। गोला के एआरएम महेश कमल ने बताया कि बरवर से जिले की सीधी सेवा कम आय के कारण बंद की गई है। बसों की संख्या कम है। और बसें मिलने पर ही पसगवां, जंगबहादरगंज से बसें चलाई जा सकती हैं। मोहम्मदी से लखनऊ बायां पसगवां बुधवार को तीसरे दिन भी नहीं चली। विधायक लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि परिवहन मंत्री से बात हुई है। जिला मुख्यालय के लिए इन स्थानों से जल्दी ही बस सेवा शुरू की जाएगी।