राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में अपनी निशानेबाजी से परचम लहराने वाले दिलीप चंदेल का निधन हो गया। मोहल्ला नौरंगाबाद निवासी दिलीप चंदेल (45) बृहस्पतिवार को किसी काम से महेवागंज गए थे। वहां खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे इसी बीच उनके हाथ से उनका मोबाइल गिर गया। मोबाइल उठाने के लिए वह नीचे झुके तभी एक कार चालक ने कार को बैक करते समय उन्हें ठोकर मार दी। हादसे में उनके सिर में गहरी चोट आई। गंभीर हालत में उन्हें लखनऊ ले जाया गया जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वह अपने पीछे पत्नी, दो पुत्रियां और एक पुत्र छोड़ गए हैं। दिलीप चंदेल जाने माने शूटर थे। उन्होंने राष्ट्रीय और प्रांतीय स्तर की कई शूटिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। वह सीतापुर के डिस्ट्रिक्ट चैंपियन भी रहे। शनिवार को हुए उनके अंतिम संस्कार में धौरहरा के विधायक शमशेर बहादुर सिंह, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष शशांक यादव, जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन सिंह, पूर्व मंत्री अवधेश सिंह, मोहम्मद शुएब, मोहम्मद आसिफ, मिथिलेश कुमार सिंह, अभय सिंह समेत हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।