रेलवे ने लखीमपुर खीरी जिले के लोगों को बेहतर यात्रा सुविधा देने के लिए सीतापुर मैलानी के बीच एक नई ट्रेन चलाने की स्वीकृत देकर अन्य पैसेंजर ट्रेनों के समय में फेर बदल कर दिया है। इससे लखनऊ तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा। जिले के लोग 60 रुपये में लखनऊ तक सुविधाजनक यात्रा कर सकेंगे। यह पैसेंजर ट्रेन सुबह पांच बजे मैलानी से चलकर 10 बजे डालीगंज पहुंचाएगी।
रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार लखनऊ के लिए जो ट्रेन सुबह करीब 7.36 पर लखनऊ जाती थी, वह अब सुबह पांच बजे मैलानी से चलकर 06.14 पर लखीमपुर आएगी। यह सीतापुर करीब 07.30 बजे व डालीगंज सुबह 10 बजे पहुंचाएगी। वापसी में शाम 06.15 पर डालीगंज से चलकर रात 08.30 बजे सीतापुर और 09.39 पर लखीमपुर आकर रात 11.30 बजे मैलानी पहुंचेगी।
नई ट्रेन सीतापुर-मैलानी के बीच चलेगी
जो ट्रेन शाम करीब 04.42 पर लखीमपुर से लखनऊ जाती थी। वह सुबह 11 बजे मैलानी से चलकर दोपहर 12.32 पर लखीमपुर और दो बजे सीतापुर एवं डालीगंज शाम 04.30 बजे पहुंचेगी। जिस नई ट्रेन की सौगात मिली है, वह सिर्फ सीतापुर मैलानी के बीच चलेगी। मैलानी से दोपहर 02.30 बजे चलकर लखीमपुर 03.48 पर आकर सीतापुर शाम करीब 05.30 बजे पहुंचेगी।
उधर से इसकी वापसी शाम 06.30 बजे होगी। यह लखीमपुर शाम 07.45 पर आकर रात 09.30 बजे मैलानी पहुंचेगी। हालांकि एक्सप्रेस ट्रेन के समय में कोई बदलाव नहीं है। ट्रेनों के समय में बदलाव से जिलेवासी प्रदेश मुख्यालय तक का सफर कम किराए में आरामदायक यात्रा कर सकेंगे। जबकि अभी तक व्यापारी, छात्र, कारोबारी रोडवेज बसों में महंगा किराया देकर दिक्क्तों भरा सफर करने के लिए मजबूर थे।