धनगढ़ी (नेपाल)। धनगढ़ी में स्कूल जा रही छात्रा की रोड रोलर की टक्कर लगने से मौत के बाद गुस्साए छात्र-छात्राओं ने रास्ता जाम कर दिया। धनगढ़ी के पंचैदय स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा 14 वर्षीय चेतना साउंद साइकिल से स्कूल आ रही थी। इस दौरान पीपल चौतरा के पास सड़क पर रोडरोलर द्वारा काम हो रहा था। इसी दौरान छात्रों को रोडरोलर की टक्कर लग गई। रोडरोलर के नीचे आने से छात्रा की मौत हो गई।
पुलिस ने चालक को पकड़ लिया है। उधर छात्रा की मौत से गुस्साए छात्र-छात्राओं ने क्षतिपूर्ति दिए जाने की मांग पर घटनास्थल पर ही शव को रखकर हंगामा शुरू कर दिया। दोषी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन भी पुलिस ने दिया लेकिन करीब सात घंटे बाद देर शाम तक शव नहीं उठा था। गुस्साए छात्र छात्राओं ने रास्ता जाम कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुये बाजार होते हुए जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही बाजार बंद कराया। बाजार कुछ देर के लिये बंद रहा उसके बाद खुल गया।