ममरी। पत्नी को विदा करने से मना करने पर क्षुब्ध होकर युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। युवक का शव घमहाघाट जंगल में पेड़ से लटका मिला है।
मोहम्मदी कोतवाली की पुलिस चौकी रेहरिया क्षेत्र के ग्राम पिपरिया कप्तान निवासी ओमकार के 22 वर्षीय पुत्र रामजी की शादी दो साल पहले मैलानी थाना क्षेत्र के ग्राम भगतपुर में हुई थी। रक्षाबंधन पर उसकी पत्नी मायके गई थी। परिजनों के अनुसार, रामजी रविवार सुबह पत्नी को विदा करने ससुराल गया था। जहां उसकी ससुराल वालों से कहासुनी हो गई और उन्होंने लड़की को भेजने से मना कर दिया।
इससे क्षुब्ध होकर रामजी ने घर जाने के बजाय घमहाघाट जंगल में बाबा बालक दास स्थान के पास खड़े सुहरिया के पेड़ में फंदा लगाकर जान दे दी। मूडा निजाम चौकी पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। संवाद