लखीमपुर खीरी। कोरोना संक्रमित एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनका इलाज पिछले कई दिन से लखनऊ के ऐरा हॉस्पिटल में चल रहा था। इस साल कोरोना संक्रमण से यह पहली मौत हुई है। हालांकि विभागीय लोगों का कहना है कि बुजुर्ग को कई अन्य बीमारियां भी थीं। इसी के चलते लखनऊ में भर्ती कराया गया था। लखनऊ में जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सोमवार को आरटीपीसीआर की जांच रिपोर्ट में पांच लोग और कोरोना संक्रमित मिले हैं। इसमें एक युवक जिला कारागार में बंद है।
मौसम में गर्मी के साथ संक्रमण की रफ्तार भी जिले में बढ़ रही है। सोमवार को मिले संक्रमितों में एक पलिया और तीन लोग सीएचसी फूलबेहड़ के रहने वाले हैं। जबकि एक युवक जिला कारागार का है। इन संक्रमितों के मिलने से एक्टिव संक्रमितों की संख्या 26 हो गई है। इसमें से 22 लोग होम क्वांरटीन और तीन संक्रमित अस्पताल में भर्ती है। जबकि एक संक्रमित ट्रेस नहीं हुआ है।
कोविड कंमाड कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉ. धनरीम ने बताया कि जिला कारागार के एक युवक सहित पांच लोगों में कोविड की पुष्टि हुई है। युवक को जेल की एक अलग बैरक में और अन्य सभी को घर पर दवाएं देकर क्वारंटीन कर दिया गया। वहीं एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई है।
रोजाना मिल रहे संक्रमित
11 अप्रैल- चार
12 अप्रैल- तीन
13 अप्रैल- तीन
14 अप्रैल- नौ
15 अप्रैल- छह
16 अप्रैल- छह
17 अप्रैल- पांच