लखीमपुर खीरी। रंगों के त्योहार होली पर कारोबारियों का खूब कारोबार हुआ है। मिठाई, कपड़े, रंग, गुलाल, पिचकारी, गुझिया, नमकीन, पापड़ आदि की खूब बिक्री हुई। त्योहार पर शराब का कारोबार भी खूब फला-फूला। 24 में साढ़े पांच करोड़ रुपये की शराब शौकीन पी गए, जो सामान्य दिनों की अपेक्षा चार गुना अधिक है।
होली त्योहार को लेकर 22 मार्च से खरीदारी शुरू हो गई, जो 24 मार्च देर शाम तक चली। होली पर करीब 25 करोड़ रुपये तक विभिन्न प्रकार के कपड़ों का कारोबार हुआ। वहीं रंग, गुलाल, पिचकारी का कारोबार 15 करोड़ से अधिक रहा। वहीं मिठाई, गुझिया, पापड़, नमकीन आदि का कारोबार 20 से 25 करोड़ रुपये तक हुआ। इसके अलावा पांच से 10 करोड़ रुपये का अन्य कारोबार हुआ।
होली पर शराब के शौकीनों ने जमकर शराब पी। यही वजह है कि 24 मार्च को 5.50 करोड़ रुपये की शराब बिकी, जो सामान्य दिनों की अपेक्षा चार गुना अधिक है। जिला आबकारी अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि 24 मार्च को 5.50 करोड़ रुपये की शराब की बिक्री हुई, जबकि अन्य दिनों में 1.20 से 1.25 करोड़ रुपये तक की बिकती है।
मंगलवार को बाजार में पसरा रहा सन्नाटा
रंग के बाद सोमवार को बाजार बंद रहा। अगले दिन मंगलवार को बाजार खुला, लेकिन रौनक बिल्कुल दिखाई नहीं दी। होली को लेकर कई व्यापारियों ने दुकानें बंद रखीं। सामान्य दिनों की अपेक्षा मंगलवार को बहुत कम ग्राहक बाजार में पहुंचे। नमकीन, पापड़ व होली से संबंधित खाने-पीने वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री होती रही।