लखीमपुर खीरी। अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग के लिए समाजसेवी आगे आए हैं। यह लोग लॉकडाउन में गरीब और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता के लिए तन मन और धन से लगे हैं। नवयुग सामाजिक ट्रस्ट ने गरीबों के लिए मानव सेवा रसोई शुरू की है, इसमें रोजाना चार से पांच सौ लंच पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। ट्रस्ट के आचार्य संजय मिश्रा ने बताया कि पदाधिकारी दिन में मोहल्लों में जाकर जरूरतमंदों को खोजते है और उसके बाद उनके घर तक लंच पैकेट पहुंचाते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक करीब पांच हजार से अधिक लंच पैकेट तैयार कर वितरित किए जा चुके हैं। ट्रस्ट के राघव हिंदू ने बताया कि मानव सेवा रसोई की मंशा है कि कोई भी गरीब जरूरतमंद भूखा न सोने पाए।