भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बार्डर पर चेकिंग करता एसएसबी जवान।
पलियाकलां। आठ से 10 सितंबर तक दिल्ली में होने वाली जी 20 की बैठक के मद्देनजर नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी किया गया है। एसएसबी हर आने-जाने वाले नेपाली व भारतीय नागरिकों की निगरानी कर रही है। सोमवार को सीमा से गुजरने वाले नागरिकों के आईडी कार्ड देखने के बाद ही उनको आगे जाने दिया गया।
सोमवार को एसएसबी के असिस्टेंट कमांडर राजेंद्र सिंह व एसआई राजीव सिंह ने सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया। बताया कि सीमा पार करने वाले प्रत्येक नेपाली नागरिकों की आईडी चेक की जा रही है। इसके बाद ही उनको भारत में प्रवेश दिया जा रहा है। भारतीयों की भी आईडी देखने के बाद ही उनको नेपाल जाने दिया जा रहा है।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में होने वाली जी-20 की बैठक को लेकर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्कता बरतने के निर्देश मिले हैं। जिसके तहत सीमा पर निगरानी व चौकसी तेज कर दी गई है। जंगली रास्तों पर भी नजर एसएसबी के जवान बनाए हुए हैं। संदिग्ध दिखने पर उससे पूछताछ कर आईडी भी चेक की जा रही है।