लखीमपुर खीरी। बारिश के बाद लगी लोकल फॉल्ट की झड़ी के चलते शहर से लेकर देहात तक के उपभोक्ताओं को बिजली संकट से जूझना पड़ा। पेड़ गिरने, अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट, तार टूटने से शहर के कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। सबसे बुरा हाल राजापुर का रहा। पुल के नीचे अंडरग्राउंड केबल में खराबी आने से 250 से अधिक घरों की आपूर्ति ठप हो गई, जो 24 घंटे बाद बहाल हो सकी।
काशीनगर, गंगोत्रीनगर, बहादुरनगर, महाराजनगर की आपूर्ति 12 घंटे से अधिक समय तक बाधित रही। गंगोत्रीनगर सहित कई मोहल्लों की आपूर्ति रात करीब 11 बजे बाधित हो गई थी, जो अगले दिन रविवार को दोपहर 12 बजे के आसपास बहाल हो सकी। वहीं, काशीनगर में भी 250 से अधिक घरों को 12 घंटे बाद बिजली मिली। नौरंगाबाद, प्यारेपुर, हिदायतनगर, सुआगाड़ा में भी सुबह छह घंटे बिजली गुल रही।
जेई अमरदीप ने बताया कि बारिश की वजह से विकास भवन के पास लाइन पर पेड़ गिर गया था। कई अन्य जगह भी लोकल फॉल्ट हुए। राजापुर पुल के नीचे अंडरग्राउंड केबल में फॉल्ट को दुरस्त कराने में काफी समय लगा। काशीनगर में 12 बजे और राजापुर में 2:30 बजे आपूर्ति बहाल हो गई।
वहीं, धौरहरा के परौरी फीडर के कफारा, परौरी, टेकीकुंडा, घुरघुट्टा बुजुर्ग, तेजनपुरवा, रामनगर लहबडी सहित करीब 100 गांवों को 24 घंटे से बिजली नहीं मिली। जेई विकास सिंह ने बताया अभी रोस्टर बदला है। आपूर्ति दो से पांच बजे तक मिलना है, ऊपर से आपूर्ति नहीं मिल रही है।
18 घंटे से नहीं मिली बिजली
फूलबेहड़। शारदा नगर और फूलबेहड़ क्षेत्र की बिजली दूसरे दिन भी गायब रही। देहात इलाके में 18 घंटे से ज्यादा बिजली न मिलने से लोग परेशान हैं। शारदानगर, बनवारीपुर और बसैगापुर उपकेंद्र से जुड़े दर्जनों गांवों में शनिवार शाम सात बजे से बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बनवारीपुर उपकेंद्र से जुड़े गांवों के लोगों को रविवार दोपहर 12 बिजली मिल पाई। उधर शारदानगर और बसैगापुर उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं को रविवार दोपहर तक बिजली नहीं मिली। संवाद
-
तीन दिनों से ठप है ममरी क्षेत्र की आपूर्ति
ममरी/मोहम्मदी/अमीरनगर। चार दिनों से हो रही लगातार बरसात से गोला, मोहम्मदी और हैदराबाद फीडर लाइन की बिजली आपूर्ति तीन दिनों से ठप है। जेई मिथिलेश यादव और शिवम पांडे ने बताया कि बरसात की वजह से आपूर्ति बंद कर दी गई है। जब तक मौसम साफ नहीं हो जाता तब तक इसे बहाल नहीं किया जा सकता। वहीं, राजापुर बैनी उपकेंद्र के जरिया गांव के पास लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित रही। अमीरनगर क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों की आपूर्ति रात से ठप है, जो रविवार को भी चालू नहीं हो सकी। यही हाल बिजली उपकेंद्र रेहरिया का भी रहा।
लाइनों पर गिरे पेड़, 90 गांवों की सप्लाई बाधित
फोटो-32, 18, 19
बिजुआ/मैलानी। बारिश की वजह से लाइनों पर पेड़ गिर जाने से बिजुआ क्षेत्र के लगभग 90 गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे बिजली से चलने वाले सभी उद्योग बंद हो गए हैं। वहीं, 33 केवी मेन लाइन में फाॅल्ट की वजह से शनिवार की रात करीब ग्यारह बजे मैलानी की बिजली गुल हो गई थी, फॉल्ट दूर करने के बाद रविवार को शाम करीब 4:30 बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। फाॅल्ट के चलते मैलानी सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। संवाद
बिजली लाइन पर गिरे पेड़ों को काटते बिजलीकर्मी
बिजली लाइन पर गिरे पेड़ों को काटते बिजलीकर्मी