लखीमपुर खीरी। कलक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को मंडलायुक्त रोशन जैकब ने जनता दरबार लगाया। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में फरियादी उमड़ पड़े। जनसुनवाई के दौरान कई बार कमिश्नर भी परेशान हुईं। दायित्वों का सही से निर्वहन न करने की वजह से सदर तहसील से जुड़ी एक लेखपाल को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की और सभी सातों एसडीएम को चेतावनी दी।
शुक्रवार को जिलेवासियों को कमिश्नर रोशन जैकब की जन सुनवाई की खबर मिली तो कलक्ट्रेट में फरियादियों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्थानीय स्तर पर अपनी शिकायतों का समाधान न मिलने पर फरियादियों की आंखों में समाधान की उम्मीद की चमक थी, लेकिन लगभग सभी मामलों में फरियादियों को एक बार फिर से जांच का आश्वासन मिला। कमिश्नर ने दोपहर 12 से लेकर शाम चार बजे तक जनसुनवाई की। इस दौरान कुल 223 शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई के दौरान एक ही जैसे मामलों से परेशान हुईं कमिश्नर ने सभी एसडीएम को चेतावनी देते हुए तहसील स्तर पर ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के कैंप लगवाकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
लेखपाल ने नहीं भेजी आख्या, मिली प्रतिकूल प्रविष्टि
सुनवाई के दौरान एक फरियादी ने कमिश्नर को बताया कि अपर उपजिलाधिकारी न्यायालय में बंटवारे का मुकदमा विचाराधीन है, लेकिन लेखपाल पुष्पलता द्वारा बंटवारे की आख्या नहीं भेजी जा रही। कमिश्नर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लेखपाल पुष्पलता को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। कहा कि अगर शिकायतों के समाधान में गंभीरता नहीं बरती गई तो निलंबन की कार्रवाई होगी।
-
एक सप्ताह में शिकायतों के निस्तारण का दावा
लखीमपुर खीरी। कमिश्नर रोशन जैकब ने बताया कि जनशिकायतों का निस्तारण सीएम की प्राथमिकता में है। इनका निस्तारण जनपद स्तर पर ही हो, बेवजह लोगों को लखनऊ तक की दौड़ न लगानी पड़े। इसलिए इसलिए वह शिकायतें सुनने आई हैं। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह के अंदर ही सभी शिकायतों के निस्तारण की कोशिश की जाएगी।
बता दें कि पिछले महीने 141 शिकायतें सीएम तक पहुंची थीं। मुख्यमंत्री ने अफसरों से नाराजगी जताई थी। कमिश्नर ने बताया कि अधिकांश शिकायतें भूमि संबंधी और आपसी लड़ाई-झगड़े की आईं। तहसील स्तर पर वरासत व भूमि अभिलेखों से संबंधित शिकायतें भी बहुत आईं। निर्देश दिए गए इस तरह की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता से कर दिया जाए। जिम्मेदारों की जबावदेही भी तय की गई। जनसुनवाई में डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, सीडीओ अनिल कुमार सिंह, एडीएम संजय कुमार सिंह, एएसपी पवन गौतम सहित सभी एसडीएम, विभागों के जिम्मेदार उपस्थित रहे।