लखीमपुर खीरी। धान खरीद, गन्ना कोल्हू, क्रशर चलवाने और गन्ना बकाया भुगतान के संबंध भाकियू पदाधिकारी डीएम से मिले। उन्होंने डीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द भुगतान कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से बताया कि जिले का किसान बाढ़ की समस्या से जूझ रहा है। खंडसारी विभाग ने गन्ना कोल्हू व क्रशर पर नवंबर से पहले चलने पर जो रोक लगाई गई है, उसका भारतीय किसान यूनियन विरोध करती है। जिलाध्यक्ष कुलवंत सिंह जोशन ने चेतावनी दी है कि अगर नया सत्र चलने से पहले किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं होता है तो भाकियू अराजनैतिक खीरी जिले में बजाज ग्रुप की शुगर फैक्ट्रियों पर अनिश्चित काल धरना प्रदर्शन करेगी।
इस मौके पर संजय कुमार, रोहित वर्मा, गुरमुख सिंह, प्रसन्नदीप सिंह, संतोष कुमार, प्रीतम सिंह, संजय कुमार, राजेश कुमार, शिवसागर समेत तमाम किसान नेता मौजूद रहे।
ये हैं मांगें
गन्ना कोल्हू और क्रशर अक्तूबर माह में ही चलाए जाएं। ताकि किसान अपनी अगली फसल गेहूं, सरसों, मसूर, सब्जी आदि की बुवाई कर सकें।
जिले में बाढ़ के कारण गन्ना पानी में खड़ा है। अगर समय रहते किसानों ने गन्ना खेतों से न निकाला तो सड़ जाएगा।
धान मिल मालिकों द्वारा मंडी में ही बोली लगाकर धान की खरीद की जाए। दो प्रतिशत कटने वाली सीडी पर रोक लगाई जाए।
शुगर मिलों पर किसानों का करोड़ो रुपया बकाया है। नए सत्र चलने से पहले बजाज ग्रुप का पूरा बकाया गन्ना भुगतान कराया जाए।