पुलिस लाइन में बैठक के बाद एसपी से बात करते एडीजी एसएन साबत। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एसएन साबत सुबह 11 बजे पुलिस लाइन पहुंचे। उन्होंने सभी एसडीएम और सीओ के साथ बैठक की। करीब एक घंटे चली बैठक में उन्होंने हाल ही में घटित हुई घटनाओं और उनमें अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मोहर्रम के दृष्टिगत सामाजिक दूरी और शासन की गाइडलाइन का पालन कराने के निर्देश दिए। जिले में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा की। अपराध नियंत्रण हेतु माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई, शस्त्र निरस्तीकरण, गैंगस्टर और एनएसए की कार्रवाई करें। संपत्ति जब्तीकरण और यातायात व्यवस्था के संचालन को लेकर भी निर्देश दिए। कमिश्नर मुकेश कुमार मेश्राम और डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह के साथ ही बैठक में एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह, एएसपी अरुण कुमार सिंह के अलावा सभी एसडीएम और सीओ मौजूद रहे।