ईसानगर। बेटी के घर करवा लेकर जा रहे पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। थाना ईसानगर के गांव मटरिया निवासी 55 वर्षीय केशवराम मंगलवार की दोपहर बाइक से थाना खीरी के मटेही डेंगूपुरवा गांव में अपनी बेटी को करवा देने जा रहे थे। पीलीभीत-बस्ती मार्ग के रवहीं कॉलोनी के शारदा नहर के पास अज्ञात वाहन से टक्कर होने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में राहगीरों ने पीएचसी नकहा में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि केशवराम की बाइक किसी अज्ञात ट्रॉली से टकरा गई थी। हालांकि घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजन ने पुलिस को सूचना दी। सूचना घर पर पहुंची तो वहां कोहराम मच गया। संवाद