जंगबहादुरगंज। सीतापुर-रोजा रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी से कटकर मां और उसकी करीब आठ माह की बेटी की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने की कोशिश की, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसा जंगबहादुरगंज रेलवे स्टेशन के पश्चिमी साइड में मस्तीपुर के करीब गेट नंबर 17 के पास हुआ। मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष है। जिसके दाहिने हाथ पर ज्ञानदेवी लिखा है। उसकी मासूम बेटी की उम्र लगभग आठ माह बताई गई है। स्टेशन मास्टर मीणा ने जंगबहादुरगंज चौकी पुलिस को मेमो भेजकर सूचना दी। मौके पर पहुंची चौकी पुलिस ने शव की शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतका आसमानी रंग की साड़ी व काले लाल रंग का ऊन वाला स्वेटर पहने है, जबकि मासूम नारंगी रंग का सूट पहने है। संवाद