तिकुनियां। निर्माणाधीन मकान में शटरिंग का कार्य करते समय एलटी लाइन की चपेट में आने से मजदूर झुलस गया। उसे निघासन सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
तिकुनियां कस्बा निवासी व्यापारी गुड्डू मकान का निर्माण करा रहे हैं। मकान के बगल में लगे बिजली के खंभे से हाईटेंशन और एलटी लाइन निकली है। कसबे के लोग हाईटेंशन लाइन हटाए जाने की मांग काफी दिनों से कर रहे हैं, लेकिन विभाग ने कोई सुधि नहीं ली। शुक्रवार को निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर शटरिंग का काम चल रहा था। सुबह करीब आठ बजे ग्राम सुथाना बरसोला निवासी मजदूर उस्मान उर्फ अन्नू (22) पुत्र रोज अली एलटी लाइन की चपेट में आ गया। झटके के साथ वह गिर गया, जिससे उसके दोनों दोनों हाथ झुलस गए। सूचना पर परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में झुलसे उस्मान को पीएचसी लाए, जहां से डॉक्टर ने उसे सीएचसी निघासन रेफर कर दिया। प्रभारी निरीक्षक हनुमान प्रसाद ने बताया कि मजदूर की हालत ठीक है। वह खतरे से बाहर है। अधिशासी अभियंता (बिजली) विक्रम गंगवार ने बताया एलटी लाइन से युवक झुलसा है। कस्बे में हाई टेंशन लाइन के तार को हटवाने के लिए एस्टीमेट बनाकर शासन को भेजा जा चुका है।