वाईडी कालेज में छज्जे पर चढ़कर प्रदर्शन करते एबीवीपी के छात्र
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के लोगों ने विभिन्न शैक्षिक समस्याओं को लेकर वाईडी कॉलेज में हंगामा और प्रदर्शन किया। स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं ई-लाइब्रेरी, छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर कुछ कार्यकर्ता प्राचार्य कक्ष के पास छज्जे पर चढ़कर प्रदर्शन करने लगे। इससे कॉलेज प्रशासन में खलबली मच गई। प्राचार्य एवं शिक्षकों के समझाने पर प्रदर्शनकारी छात्र नीचे उतरे। इसके बाद प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा।
वाईडी कॉलेज में अध्ययनरत छात्र छात्राओं को मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराने के लिए एबीवीपी कॉलेज इकाई के पदाधिकारियों ने शनिवार दोपहर कॉलेज में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। गेट से नारेबाजी करते हुए पदाधिकारी प्राचार्य कक्ष के पास जा पहुंचे। इस दौरान कुछ कार्यकर्ता छज्जे पर चढ़कर मांगों को लेकर प्रदर्शन करने लगे। कॉलेज इकाई सदस्य सूरज ने बताया कि महाविद्यालय में स्वच्छ पेयजल से लेकर शौचालय तक की सुविधा नहीं है। क्लासरूम में प्रकाश का इंतजाम तक नहीं है। कॉलेज प्रशासन की लापरवाही से अभी तक प्रवेश प्रक्रिया चल रही हैं। जबकि सेमेस्टर परीक्षाएं नजदीक हैं।
जिला संयोजक अमन गुप्ता ने बताया कि कई साल से पुस्तकालय में पुस्तकें तक नहीं मंगाई गई। कॉलेज वेबसाइट के नाम पर प्रवेश के समय प्रति छात्र 100 रुपये वसूले गए, लेकिन ई-लाइब्रेरी आज तक नहीं शुरू हो सकी। छात्रसंघ चुनाव भी नहीं कराए जा रहे। जबकि यह छात्रों का लोकतांत्रिक अधिकार है। जब शिक्षक संघ का चुनाव हो सकता है तो छात्रसंघ का क्यों नहीं। छज्जे पर प्रदर्शन करने की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे प्राचार्य ने समझा बुझाकर छात्रों को नीचे उतारा। मांगों का निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद पदाधिकारियों ने प्रदर्शन समाप्त किया। इस दौरान अमन वर्मा, अजय पांडे, उमंग तिवारी, विनीत, फैजुल अंसारी, सुधांशू, निखिल अभय, सत्यम यादव, वेद सिंह, आदित्य सिंह, दीपांशु वर्मा आदि मौजूद रहे।