डीएम कार्यालय का घेराव करने जाते एबीवीपी के पदाधिकारी-स्रोत संवाद
लखीमपुर खीरी। चिल्ड्रन एकेडमी के छात्र शिवांश वर्मा की मौत के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पदाधिकारियों ने मंगलवार की दोपहर डीएम कार्यालय का घेराव किया। धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की। छात्र के पिता भी साथ थे।
चिल्ड्रन एकेडमी के छात्र शिवांश वर्मा की मौत का मामला तूल पकड़ रहा है। मामले को लेकर सोमवार को अधिवक्ताओं ने एसपी से मुलाकात की थी। मंगलवार की दोपहर एबीवीपी के पदाधिकारी सड़क पर उतर आए। प्रांत कार्यकारिणी सदस्य अजय पांडेय की अगुवाई में मृतक छात्र के पिता के साथ पदाधिकारियों ने डीएम कार्यालय का घेराव किया। पदाधिकारी नारेबाजी करते हुए कार्यालय के सामने बैठ गए। छात्र और परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे। करीब चार घंटे तक हंगामा चला।
जानकारी पर सीडीओ अनिल कुमार पहुंचे और एबीवीपी पदाधिकारियों से बात की। 48 घंटे में कार्रवाई का आश्वासन दिया। एबीवीपी पदाधिकारियों के प्रदर्शन को देख सदर कोतवाली समेत कई अन्य थानों की पुलिस कचहरी परिसर में मौजूद रही। प्रदर्शन में सुधांशु प्रजापति, अंशुमान, अभय, कान्हा, प्रिंस आदि मौजूद रहे।